Jaunpur news कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोहर्रम का ताजिया शांतिपूर्ण ढंग से दफन

Share

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोहर्रम का ताजिया शांतिपूर्ण ढंग से दफन

रिपोर्टर दीपक शुक्ला

मड़ियाहूं, जौनपुर। मोहर्रम के अवसर पर मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण वातावरण में निकाले गए तथा निर्धारित स्थलों पर विधि-विधान के साथ ताजिया दफन किए गए। प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के चलते पूरे क्षेत्र में कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी तथा नायब तहसीलदार अमित सरोज लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
थाना बरसठी, थाना रामपुर, थाना मड़ियाहूं तथा पूरेसवा क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई तथा जुलूस मार्गों पर निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने आयोजकों और स्थानीय लोगों से संवाद कर आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
ताजिया जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। सभी ने अनुशासन बनाए रखते हुए मातमी रस्में अदा कीं। निर्धारित समय पर ताजियों का शांतिपूर्ण ढंग से दफन कराया गया।
प्रशासन ने आमजन, ताजिया कमेटियों, स्वयंसेवकों तथा पुलिस कर्मियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

About Author