Jaunpur news तेज रफ्तार कार का कहर: साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
तेज रफ्तार कार का कहर: साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की जान चली गई। यह हादसा बरगूदर पुल के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग साइकिल से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वह सई नदी स्थित पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज गति की ब्रेजा कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सिकरारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश में जुट गई है।
