Jaunpur news विश्व रक्तदाता दिवस पर जागरूकता की अलख, रक्तदान शिविर में जुटे युवा, 25 यूनिट रक्त हुआ संग्रहित

Share

जौनपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति, सिंगरामऊ के तत्वावधान में शनिवार को रक्तदान शिविर एवं जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा।

जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी सैमुअल एन. पाल ने किया। वहीं, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा स्थल स्थित भवन में आरके हॉस्पिटल ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर, शाहगंज के सहयोग से एनसीसी कैडेट्स के लिए रक्तदान शिविर एवं संगोष्ठी आयोजित की गई।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने कहा कि युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता लाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने इस वर्ष की थीम “मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें-जीवन बचाएं” पर प्रकाश डालते हुए नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाता है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम में डॉ. अशरफ अंसारी, महेंद्र कुमार शुक्ला, डॉ. सुरेश चंद्र त्रिपाठी एवं विशाल राय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने बताया कि अस्पतालों और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में रक्त की मांग लगातार बनी रहती है तथा मानव रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है, इसलिए रक्तदान को महादान कहा जाता है।

रक्तदान शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने 98 बटालियन एनसीसी के मेजर सूबेदार कृष्णपाल के विशेष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

संस्था की ओर से आयोजित दोनों शिविरों में कुल 25 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए ब्लड बैंक को उपलब्ध कराया गया।

About Author