Jaunpur news खुटहन पुलिस के हत्थे चढ़ा एक लाख का इनामी गोतस्कर,
खुटहन पुलिस के हत्थे चढ़ा एक लाख का इनामी गोतस्कर,
85 मुकदमों का यह है आरोपी
खुटहन , जौनपुर।
मखदूमपुर गांव का निवासी एक लाख रुपये का इनामी कुख्यात अंतरप्रांतीय गोवंशीय तस्कर रवींद्र वर्मा शनिवार की रात पुलिस के हत्थे चढ़ गया। करीब छह माह से फरार चल रहा यह आरोपी जौनपुर समेत कई जनपदों और गुजरात पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 85 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
थाना प्रभारी दिनेश कुमार अपनी टीम के साथ शनिवार रात अपराधियों की तलाश में पटैला बाजार के पास मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित रवींद्र वर्मा ग्रामीण विकास इंटर कॉलेज पटैला-मखदूमपुर मोड़ के पास अपने घर जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रात लगभग 11 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी, आपराधिक साजिश और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था। जनवरी माह में पुलिस घेराबंदी के दौरान वह फायरिंग करते हुए फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। रविवार को पुलिस ने उसका चालान कर न्यायालय भेज दिया।
सीओ शाहगंज गिरेंद्र सिंह ने बताया कि रवींद्र वर्मा के खिलाफ खुटहन, केराकत, चंदवक, शाहगंज, मछलीशहर, सरपतहां सहित जौनपुर के विभिन्न थानों के अलावा अयोध्या, सुलतानपुर, प्रतापगढ़, अमेठी, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, भदोही तथा गुजरात के सूरत शहर में भी मुकदमे दर्ज हैं।
