Jaunpur news विद्यार्थी परिषद के नवीन दायित्व प्राप्त कार्यकर्ताओं के स्वागत एवं सम्मान में आयोजित हुआ अभिनंदन समारोह।
विद्यार्थी परिषद के नवीन दायित्व प्राप्त कार्यकर्ताओं के स्वागत एवं सम्मान में आयोजित हुआ अभिनंदन समारोह।
जौनपुर,
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा दिनांक 9 से 12 जून 2026 तक मिर्जापुर में आयोजित अभ्यास वर्ग के उपरांत जनपद आगमन पर नवीन दायित्व प्राप्त कार्यकर्ताओं के स्वागत एवं सम्मान हेतु एक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के विभिन्न स्तरों पर नवीन दायित्व प्राप्त करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रदान की गईं।
अभ्यास वर्ग में संगठनात्मक प्रक्रिया के अंतर्गत विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक के रूप में शानू सिंह, विभाग छात्रा प्रमुख के रूप में साधना सोनकर, जिला प्रमुख के रूप में प्रो. हरिओम त्रिपाठी, जिला संयोजक के रूप में हर्ष सिंह तथा जिला छात्रा प्रमुख के रूप में रिया शुक्ल को दायित्व प्रदान किया गया। साथ ही परिषद के प्रांत अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी को संगठन द्वारा विभाग प्रमुख का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में उपस्थित शिक्षाविदों एवं गणमान्य अतिथियों ने नवीन दायित्व प्राप्त कार्यकर्ताओं को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें बधाई देते हुए संगठन के उद्देश्यों एवं राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थी परिषद की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. राजदेव दुबे ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण की सशक्त विचारधारा का वाहक संगठन है। परिषद के कार्यकर्ता समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करते हैं, जो उन्हें अन्य संगठनों से विशिष्ट बनाती है।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षा संकाय के संकाय अध्यक्ष प्रो. अजय कुमार दुबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का विषय नहीं है, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का माध्यम है। नवीन दायित्व प्राप्त कार्यकर्ता परिषद की परंपराओं एवं मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए छात्रहित एवं राष्ट्रहित में उत्कृष्ट कार्य करेंगे।
संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. एस.सी. बिशोई ने कहा कि विद्यार्थी परिषद युवाओं के व्यक्तित्व विकास का एक प्रभावी मंच है, जो उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, संगठन कौशल तथा सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करता है।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. शैलेंद्र सिंह ने कहा कि परिषद के कार्यकर्ता शिक्षा, समाज और राष्ट्र जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक हैं। उन्होंने सभी नवदायित्व प्राप्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
भौतिक विज्ञान विभाग के प्रो. सुदेश सिंह, गणित विभाग के प्रो. के.बी. यादव तथा रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. विपिन सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद का संगठनात्मक विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को निरंतर परिश्रम, समर्पण एवं सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
नवीन दायित्व प्राप्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ किया जाएगा तथा छात्रहित, शिक्षाहित और राष्ट्रहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्य समिति सदस्य हर्षवर्धन चौरसिया, पूर्व जिला संयोजक शिवम सिंह, नगर मंत्री अनूप सिंह, सचिन सिंह, नमन सिंह, गौरव सिंह, हर्ष साहू, जाह्नवी चौहान, वंदना चौहान, एकांश मिश्र, सनी मौर्य, राघवेंद्र गिरी, अभिनव चौहान सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, आत्मीयता एवं संगठनात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने नवीन दायित्व प्राप्त पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की शुभकामनाएं व्यक्त कीं
