Jaunpur news जिला जेल में डीएम का औचक निरीक्षण, बंदियों से बातचीत कर परखी व्यवस्थाएं

Share


जौनपुर जिला जेल में डीएम का औचक निरीक्षण, बंदियों से बातचीत कर परखी व्यवस्थाएं
जौनपुर।
जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की विभिन्न बैरकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें कोई भी संदिग्ध या प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जेल में निरुद्ध बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। बंदियों ने बताया कि उन्हें समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डीएम ने जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया और वहां भर्ती बंदियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य संबंधी हालात की जानकारी ली। मरीज बंदियों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से दवाएं मिल रही हैं तथा चिकित्सकीय देखभाल संतोषजनक है।
इसके अलावा अधिकारियों की टीम ने जेल की पाकशाला का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और किसी भी प्रकार की गंभीर समस्या सामने नहीं आई।
जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखा जाए तथा शासन के निर्देशों के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

About Author