Jaunpur news डेंटल सर्जन संग कथित दुर्व्यवहार पर बवाल, डॉक्टरों का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला; तेजीबाजार थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग
जौनपुर में डेंटल सर्जन संग कथित दुर्व्यवहार पर बवाल, डॉक्टरों का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला; तेजीबाजार थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग
जौनपुर में थाना तेजीबाजार पुलिस पर एक सम्मानित डेंटल सर्जन के साथ कथित अभद्रता और उत्पीड़न का आरोप लगने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। क्षेत्र के हैदरपुर गांव निवासी डॉ. प्रभात विक्रम सिंह, जो पेशे से डेंटल सर्जन हैं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार से संबंध रखते हैं, के समर्थन में डॉक्टरों और स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि 25 मई 2026 को डॉ. प्रभात विक्रम सिंह अपनी पैतृक जमीन पर हो रहे कथित अवैध निर्माण की शिकायत लेकर थाना तेजीबाजार पहुंचे थे। आरोप है कि शिकायत सुनने के बजाय थाना प्रभारी सत्येंद्र भाई पटेल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोपों के मुताबिक उनका मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया गया, जूते-बेल्ट उतरवाए गए और कई घंटों तक थाने में बैठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। बाद में उन्हें धारा 151 के तहत चालान कर दिया गया।
घटना के विरोध में इंडियन डेंटल एसोसिएशन (IDA) से जुड़े डॉक्टरों और अन्य लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि यदि एक सम्मानित चिकित्सक के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है तो आम नागरिक की सुरक्षा और सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
ज्ञापन में थाना प्रभारी की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कर उनके खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान डॉ. गौरव मौर्य, डॉ. रजनीश द्विवेदी, डॉ. संजीव पांडेय, डॉ. राहुल सिंह, डॉ. मोइन खान, डॉ. हर्ष, डॉ. दीपक विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक मौजूद रहे।
