Jaunpur news बदलापुर में महंगाई के खिलाफ सड़क पर उतरे एसयूसीआई कार्यकर्ता, तहसील पर किया प्रदर्शन

Share

बदलापुर में महंगाई के खिलाफ सड़क पर उतरे एसयूसीआई कार्यकर्ता, तहसील पर किया प्रदर्शन
जौनपुर बदलापुर,
डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों, महंगाई, बेरोजगारी और बिजली व्यवस्था समेत विभिन्न जन समस्याओं को लेकर मंगलवार को एस.यू.सी.आई (कम्युनिस्ट) पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बदलापुर तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर में जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उपजिलाधिकारी को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन की शुरुआत सब्जी मंडी स्थित पार्टी कार्यालय से हुई। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए इंदिरा चौक पहुंचा और वहां से तहसील परिसर में सभा के रूप में बदल गया। सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस, बिजली, मोबाइल रिचार्ज, दूध और दवाइयों जैसी आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर पूंजीपतियों के हित में नीतियां बना रही है। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाने के दबाव से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने सरकार से डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतें वापस लेने, आवश्यक वस्तुओं के दाम कम करने, महंगाई पर रोक लगाने, बेरोजगारों को रोजगार देने, सार्वजनिक क्षेत्रों के निजीकरण पर रोक लगाने तथा बिजली उपभोक्ताओं पर स्मार्ट मीटर का दबाव बंद करने की मांग की।
सभा को पार्टी के राज्य सचिव रविशंकर मौर्य, जिला सचिव अशोक कुमार खरवार समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन दिलीप कुमार ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

About Author