Jaunpur news एक दिन पहले मिली थी “घर फूंकने” की धमकी, अगले ही दिन गरीब परिवार का छप्पर जलकर राख
एक दिन पहले मिली थी “घर फूंकने” की धमकी, अगले ही दिन गरीब परिवार का छप्पर जलकर राख
जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मदापुर, पोस्ट घनश्यामपुर में शनिवार शाम लगभग 5 बजे एक गरीब परिवार का छप्पर संदिग्ध परिस्थितियों में आग की भेंट चढ़ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा छप्पर जलकर राख हो गया। घटना के समय छप्पर में एक भैंस भी बंधी हुई थी, जिसे ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित रमेश पाल की पत्नी मालती ने आरोप लगाया है कि घटना से एक दिन पूर्व ही पड़ोसी पक्ष द्वारा उनके परिवार को “घर फूंक देने” की खुली धमकी दी गई थी। आरोप है कि धमकी के अगले ही दिन यह घटना हो गई। पीड़ित परिवार ने पड़ोसी अमरजीत मौर्य की पत्नी फूलपत्ती पर जानबूझकर आग लगाने का शक जताते हुए घनश्यामपुर चौकी में लिखित तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
आग लगने की इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ है। परिवार का कहना है कि मेहनत से बनाया गया छप्पर कुछ ही देर में राख में बदल गया, जिससे उनके सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। घटना के बाद परिवार भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है।
