August 21, 2026

Jaunpur news पेट्रोल-डीजल महंगा होने से बढ़ी ई-वाहनों की मांग, लोग बोले—अब सफर हुआ सस्ता

Share

पेट्रोल-डीजल महंगा होने से बढ़ी ई-वाहनों की मांग, लोग बोले—अब सफर हुआ सस्ता
जौनपुर। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ती ईंधन कीमतों से परेशान लोग अब इलेक्ट्रिक स्कूटर और ई-वाहनों को बेहतर और किफायती विकल्प मान रहे हैं। खासकर रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले लोग पेट्रोल के खर्च से बचने के लिए ई-वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण की अपील के बाद सरकारी स्तर पर भी जागरूकता बढ़ी है। कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि सार्वजनिक परिवहन, ई-रिक्शा और साइकिल के उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं। इसी क्रम में जिला प्रशासन भी अनावश्यक वाहनों के प्रयोग को कम करने पर जोर दे रहा है।
जिले में बड़ी संख्या में लोग अब इलेक्ट्रिक स्कूटर का इस्तेमाल कर रहे हैं। मछलीशहर क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने से उनके मासिक खर्च में काफी कमी आई है। चार्जिंग की सुविधा आसान होने और बिजली आपूर्ति बेहतर रहने से लोगों को ज्यादा दिक्कत भी नहीं हो रही है।
रोजाना नौकरी, व्यवसाय और कोर्ट-कचहरी आने-जाने वाले लोग साझा रूप से भी ई-स्कूटर का उपयोग कर रहे हैं। उनका कहना है कि पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों के मुकाबले इलेक्ट्रिक वाहन काफी सस्ते साबित हो रहे हैं।
उधर, इलेक्ट्रिक वाहन एजेंसियों पर भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। वाहन विक्रेताओं के अनुसार पिछले कुछ दिनों में ई-स्कूटर की बिक्री और पूछताछ दोनों में तेजी आई है। लोगों का रुझान अब कम खर्च और पर्यावरण के अनुकूल वाहनों की तरफ बढ़ रहा है।

About Author