Jaunpur news ट्रैक्टर की टक्कर से रेलवे फाटक क्षतिग्रस्त, घंटों बाधित रहा आवागमन
ट्रैक्टर की टक्कर से रेलवे फाटक क्षतिग्रस्त, घंटों बाधित रहा आवागमन
जफराबाद। क्षेत्र के नाथुपुर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार दोपहर एक ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर से फाटक का बूम क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। घटना के बाद मौके पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार गेट संख्या 3-बी पर दोपहर लगभग ढाई बजे गुजर रहे एक ट्रैक्टर ने लापरवाहीपूर्वक रेलवे फाटक के बूम में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बूम टूटकर सड़क पर तिरछा गिर पड़ा। इससे दोनों तरफ वाहनों का आवागमन बाधित हो गया और देखते ही देखते सड़क पर भारी जाम लग गया।
बताया जा रहा है कि जगदीशपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य चलने के कारण इस समय बड़ी संख्या में वाहन इसी मार्ग से होकर गुजर रहे हैं। ऐसे में फाटक क्षतिग्रस्त होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
घटना की सूचना मिलते ही गेटमैन ने स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार को अवगत कराया। इसके बाद आरपीएफ चौकी से पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया। जवानों ने किसी तरह वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकलवाकर यातायात नियंत्रित किया।
करीब पांच बजे रेलवे कर्मचारियों द्वारा क्षतिग्रस्त बूम को ठीक कर आवागमन दोबारा शुरू कराया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि फाटक बनने तक आसपास के क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रही।
