Jaunpur news जौनपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मेहंदी कार्यक्रम के दौरान अधेड़ को मारी गोली

Share

जौनपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मेहंदी कार्यक्रम के दौरान अधेड़ को मारी गोली

जौनपुर,जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के नाथूपुर गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम उस वक्त अफरातफरी में बदल गया, जब मेहंदी की रस्म के दौरान एक युवक ने अधेड़ व्यक्ति को गोली मार दी। घटना सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बांकेलाल गुप्ता के घर मंगलवार को बारात आने वाली थी, जिसके चलते सोमवार को मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार और रिश्तेदार खुशी के माहौल में शामिल थे, तभी अचानक गांव का ही एक व्यक्ति हाथ में तमंचा लेकर पहुंचा और घर के बाहर खड़े करीब 60 वर्षीय प्रेम साव को निशाना बनाते हुए गोली चला दी।
गोली प्रेम साव के गर्दन में लगकर अंदर फंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर भगदड़ मच गई और खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। महिलाएं और बच्चे दहशत में रोने लगे।
घायल को परिजन तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस घटना के बाद जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लगातार हो रही फायरिंग और हिंसक वारदातों से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है, जिससे इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।

About Author