Jaunpur news जौनपुर में दबंगों का कहर: युवक समेत तीन लोगों को बेरहमी से पीटा, एफआईआर न होने पर बढ़ा आक्रोश
जौनपुर में दबंगों का कहर: युवक समेत तीन लोगों को बेरहमी से पीटा, एफआईआर न होने पर बढ़ा आक्रोश
जौनपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ख्वाजगी टोला मोहल्ले में रविवार देर रात दबंगों की गुंडई सामने आई, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक समेत तीन लोगों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के रहने वाले मोहम्मद दिलदार का 20 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अकरम रात करीब 10 बजे अपने घर के पास खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस के कुछ लोगों ने पुरानी दुश्मनी को लेकर उस पर हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
अकरम की चीख-पुकार सुनकर उसके चाचा मोहम्मद शाहिद मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बना लिया। इसी बीच बीच-बचाव करने पहुंचे बेलाल को भी नहीं बख्शा गया और उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने खुलेआम घटना को अंजाम दिया, लेकिन उनके डर से कोई भी आगे बढ़कर पीड़ितों की मदद करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां दो लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। हालांकि, घटना के बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
इलाके में पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न होने के चलते स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और लोग जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।
