Jaunpur news अहमदपुर में आंगनबाड़ी केंद्र का भव्य उद्घाटन: बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की रखी गई नींव
अहमदपुर में आंगनबाड़ी केंद्र का भव्य उद्घाटन: बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की रखी गई नींव
जौनपुर। जिले के सिरकोनी विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा अहमदपुर में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर शिक्षाविदों, समाजसेवियों और ग्राम प्रतिनिधियों ने शिरकत कर बच्चों के प्रारंभिक विकास और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम सभा की महिलाओं और पुरुषों की भारी उपस्थिति रही, जो इस नए केंद्र को लेकर काफी उत्साहित दिखे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राम दुलार इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल विवेकानंद यादव ने कहा कि “शिक्षा ही ज्ञान के द्वार खोलने वाली एकमात्र कुंजी है। आंगनबाड़ी के माध्यम से नन्हे-मुन्ने बच्चों को पढ़ाई के प्रति आकर्षित करना सरकार का एक अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी कदम है।”
वहीं, समाजसेवी रिंकू पंडित ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए बताया कि सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यक्रमों का संचालन 1972 से किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “बिना शिक्षित हुए कोई भी व्यक्ति संस्कारी और विकसित नहीं हो सकता। आज ये केंद्र छोटे बच्चों के लिए शिक्षा की एक नई किरण के रूप में कार्य कर रहे हैं।”
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमूल सिंह ने ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से गांव के बच्चों के पठन-पाठन की व्यवस्था को सुचारू और दुरुस्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी ताकि बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर ही मजबूत आधार मिल सके।
उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत सचिव रत्नेश सोनकर, राजकुमार यादव (मुन्ना), आंगनबाड़ी सुपरवाइजर अंजू सिंह, कार्यकत्री गीता यादव, आराधना मौर्य, उषा देवी, सहायिका विमल मौर्य समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह केंद्र न केवल पोषण बल्कि खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा, जिससे अहमदपुर के नौनिहालों का भविष्य संवरेगा।
