Jaunpur news महोत्सव में निपुण विद्यालयों को मिला सम्मान
इन्द्रजीत सिंह मौर्य की रिपोर्ट
जौनपुर महोत्सव में निपुण विद्यालयों को मिला सम्मान
बेसिक शिक्षा विभाग के प्रतिभाशाली बच्चों ने दिखाई जबरदस्त प्रतिभा
जौनपुर। शाही किले में आयोजित जौनपुर महोत्सव में बेसिक शिक्षा विभाग की प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को जीवंत और यादगार बना दिया।
परिषदीय विद्यालयों के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, नाटक, एकांकी, लोकगीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की मासूम अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि करंजाकला ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव उर्फ मम्मन ने दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम हैं।
इस अवसर पर जनपद के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निपुण विद्यालयों को जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद, मुख्य विकास अधिकारी के हस्ताक्षरयुक्त “निपुण विद्यालय पुरस्कार” प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
महोत्सव में शिक्षकों द्वारा कक्षा-कक्ष में उपयोग किए जा रहे टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
बाक्स
बेसिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियां पर खूब बजी तालियां
जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी में शिक्षण को सरल और रोचक बनाने के लिए तैयार किए गए विभिन्न नवाचारों ने सभी का ध्यान खींचा। मुख्य अतिथि ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर शिक्षकों के नवाचारों की सराहना की और उन्हें इसी तरह समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालयों के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय करंजाकला, धर्मापुर एवं डोभी के छात्र-छात्राओं ने भी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी शिक्षकों, शिक्षिकाओं, बच्चों, एसआरजी एवं एआरपी को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक शैलेश चतुर्वेदी व नूपुर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
