Jaunpur news जौनपुर में दिल दहला देने वाली घटना बेटे ने मां की शीलबट्टे से हत्या, बचाने आई बहू-पोती भी घायल

Share


जौनपुर में दिल दहला देने वाली घटना: बेटे ने मां की शीलबट्टे से हत्या, बचाने आई बहू-पोती भी घायल
Jaunpur news केराकत । नगर के शेखजादा मोहल्ले में बुधवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई। एक युवक ने अपनी ही बुजुर्ग मां की शीलबट्टे से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी भाभी और भतीजी पर भी आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक और प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतका शीला सिंह (लगभग 80 वर्ष) सेवानिवृत्त शिक्षिका थीं और अपने पुत्र सत्यव्रत सिंह, बहू शालिनी सिंह, पोती वर्तिका सिंह और छोटे बेटे संदीप सिंह उर्फ भोलू के साथ रहती थीं। घटना के समय सत्यव्रत सिंह अपनी मेडिकल दुकान पर थे। इसी दौरान घर में मौजूद संदीप किसी बात को लेकर अचानक उग्र हो गया और कमरे से नीचे आकर मां पर शीलबट्टे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मां की चीख-पुकार सुनकर बचाने आई बहू और पोती पर भी उसने लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गईं। घर में मची अफरा-तफरी के बीच पहुंचे परिजनों पर भी आरोपी ने हमला करने की कोशिश की।
आरोपी को लोगों ने किया काबू
घटना के दौरान मोहल्ले के लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
अस्पताल में तोड़ा दम
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में शीला सिंह को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इलाके में शोक, आरोपी की मानसिक स्थिति पर चर्चा
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

About Author