August 22, 2026

Jaunpur news सनसनीखेज वारदात हत्या के आरोपी को दिनदहाड़े घेरकर चाकुओं से गोदा, इलाके में दहशत

Share

जौनपुर में सनसनीखेज वारदात हत्या के आरोपी को दिनदहाड़े घेरकर चाकुओं से गोदा, इलाके में दहशत

जौनपुर जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गांव में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक हत्या के आरोपी युवक की बदमाशों ने दिनदहाड़े बेरहमी से चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर शव को करीब एक किलोमीटर दूर ले जाकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार संघईपुर गांव निवासी आशीष उर्फ चिघडू चौहान, पुत्र अरविंद चौहान, बंदीपुर के पास स्थित एक शराब ठेके के समीप मौजूद था। इसी दौरान एक दर्जन से अधिक हमलावर वहां पहुंचे और उसे निशाना बनाते हुए दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए आशीष सिरकोनी गांव की ओर भागा और कई घरों में शरण लेने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों के डर से ग्रामीण सहम गए।
भागते-भागते वह गांव में एक मड़हे के पास पहुंचा, जहां हमलावरों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान ग्रामीणों के शोर मचाने पर हमलावर शव को उठाकर बंदीपुर की ओर ले गए और हाईवे जाने वाली सड़क पर फेंककर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष गजानंद चौबे और उप निरीक्षक सुजीत ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ननिहाल में रह रहा था मृतक
बताया जा रहा है कि आशीष उर्फ चिघडू चौहान पूर्व में एक हत्या के मामले में आरोपी था और फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा था। वह इन दिनों अपने ननिहाल मड़ियाहूं में रह रहा था। बुधवार को उसके बंदीपुर आने की सूचना मिलते ही हमलावरों ने साजिश के तहत उसे निशाना बना लिया।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। इलाके में घटना के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है।

About Author