Jaunpur news विश्व क्षय दिवस पर जौनपुर में जागरूकता का संदेश: 104 टीबी मरीजों को पोषाहार वितरण, स्वस्थ समाज पर जोर
विश्व क्षय दिवस पर जौनपुर में जागरूकता का संदेश: 104 टीबी मरीजों को पोषाहार वितरण, स्वस्थ समाज पर जोर
सिंगरामऊ (जौनपुर)।
विश्व क्षय दिवस के अवसर पर मंगलवार को सिंगरामऊ स्थित गौरीशंकर मंदिर परिसर में ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान 104 टीबी मरीजों को पोषाहार वितरित किया गया तथा संगोष्ठी के माध्यम से लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “हां, हम टीबी को समाप्त कर सकते हैं” रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रेडक्रॉस सोसायटी उत्तर प्रदेश के महासचिव रामानंद कटियार ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की असली ताकत उसके स्वस्थ नागरिक होते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देश की उन्नति तभी संभव है, जब समाज के हर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और जागरूकता मिले। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और संतुलित आहार को भी बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी बताया।
विशिष्ट अतिथि कर्नल पुष्पेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में अनुशासन और सतर्कता को बीमारी से लड़ने का अहम हथियार बताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सुरक्षा करता है, उसी तरह समाज को भी टीबी जैसी बीमारियों के खिलाफ जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा।
संस्था की प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने संगठन के 25 वर्षों के कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा हजारों टीबी मरीजों को उपचार और पोषण सहयोग प्रदान किया गया है, साथ ही महिलाओं और किशोरियों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया गया है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीबी के लक्षण, जांच और उपचार की जानकारी दी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गीतों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया। अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
