Jaunpur news चर्चित स्वाधीन सिंह हत्याकांड में नाबालिग छात्रों को मिली जमानत,
चर्चित स्वाधीन सिंह हत्याकांड में नाबालिग छात्रों को मिली जमानत,
जौनपुर। जनपद के बहुचर्चित हिस्ट्रीशीटर स्वाधीन सिंह हत्याकांड में जेल में निरुद्ध तीन नाबालिग छात्रों— आलोक मिश्रा, कृष्णा सिंह और रत्नेश गौतम को जिला सत्र न्यायालय जौनपुर से जमानत मिल गई है। इस फैसले को सोशल एक्टिविस्ट और भारतीय हिंदू मित्र परिषद के अध्यक्ष अरविन्द पाण्डेय के अनवरत आंदोलन और कानूनी लड़ाई की एक बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है।
अरविन्द पाण्डेय शुरू से ही पुलिस पर पुरानी रंजिश और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए छात्रों की रिहाई के लिए संघर्ष कर रहे थे। किशोर न्यायालय में सुनवाई में हो रही देरी और छात्रों के भविष्य को बर्बाद होते देख श्री पाण्डेय ने कड़ा रुख अपनाया था। उन्होंने इस मामले में त्वरित न्याय हेतु माननीय मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग की थी।
जमानत मिलने के बाद फोन पर हुई बातचीत में अरविन्द पाण्डेय ने कहा, “मुझे न्यायपालिका पर अटूट भरोसा था कि निर्दोष बच्चों को न्याय जरूर मिलेगा। यह सत्य की जीत है।” उन्होंने इस कठिन संघर्ष में साथ देने के लिए जौनपुर मीडिया और बदलापुर की जनता का आभार व्यक्त किया।
अपनी अगली रणनीति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अभी थमी नहीं है। उनका संकल्प है कि 31 मई तक छात्रों को दोषमुक्त कराया जाए। श्री पाण्डेय ने चेतावनी दी कि जब तक असली हत्यारे सलाखों के पीछे नहीं जाते और निर्दोषों को फंसाने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
