Jaunpur news जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, नाबालिगों समेत छह घायल, एक की हालत गंभीर
सराय ख्वाजा में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, नाबालिगों समेत छह घायल, एक की हालत गंभीर
जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के बागमिया गांव में बुधवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर उस समय अफरातफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर दूसरे पक्ष पर टूट पड़े, जिसमें महिलाओं और नाबालिगों समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामचंद्र बिंद को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था, जिसका निर्माण कार्य चल रहा था। इसी बात को लेकर पुराने विवाद ने तूल पकड़ लिया और दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट में रामभुवन बिंद (35), उनकी मां चिंता देवी (60), बहन सीता देवी (32), 16 वर्षीय लकी तथा दो नाबालिग किशोरियां शालू और खुशी (14 व 15 वर्ष) घायल हो गईं।
घटना के बाद सभी घायलों को खून से लथपथ हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामभुवन बिंद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना से आक्रोशित पीड़ित पक्ष और ग्रामीण बड़ी संख्या में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, मामले में स्थिति स्पष्ट करने के लिए जब प्रभारी निरीक्षक सराय ख्वाजा से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन काफी देर तक नहीं उठा, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि अब तक मुकदमा दर्ज हुआ है या नहीं।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि पुलिस स्तर पर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
