Jaunpur news चमकी धूप तो लौटी रौनक, ठंड और गलन से लोगों को मिली राहत

IMG-20251226-WA0022
Share

चमकी धूप तो लौटी रौनक, ठंड और गलन से लोगों को मिली राहत
मछलीशहर तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम ने राहत भरा रुख दिखाया। सुबह के समय क्षेत्र घने कोहरे की गिरफ्त में रहा, लेकिन बीते दिनों की तरह कोहरा पूरे दिन नहीं छाया रहा। करीब दस बजे के आसपास सूर्यदेव के दर्शन हुए और दोपहर तक तेज व चटख धूप निकल आई, जिससे ठंड और गलन का असर काफी हद तक कम हो गया।
धूप खिलते ही जनजीवन फिर से सामान्य होता नजर आया। मछलीशहर और मुंगराबादशाहपुर कस्बों सहित आसपास के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई। लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए घरों से बाहर निकले और दुकानों पर खरीदारी करते दिखाई दिए। वहीं घरों में कपड़ों की धुलाई और सफाई का काम भी जोर पकड़ गया। ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में छतों की ग्रिलों पर बड़ी संख्या में गीले कपड़े सुखाने के लिए डाले गए।
शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर शुक्रवार को इंटरमीडिएट तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित रहा। मौसम में सुधार का फायदा बच्चों ने भी उठाया। छोटे बच्चे छतों पर पतंग उड़ाते नजर आए, जबकि बड़े बच्चे मैदानों में क्रिकेट खेलते दिखाई दिए।
कृषि कार्यों में भी तेजी देखी गई। जिन किसानों ने अभी तक गेहूं की पहली सिंचाई नहीं की थी, वे खेतों में सिंचाई करते दिखे। वहीं जिन खेतों की सिंचाई पूरी हो चुकी थी, वहां खाद डालने और खर-पतवार नाशक दवाओं के छिड़काव का काम किया गया। कुल मिलाकर धूप निकलने से आम जनजीवन और खेती-किसानी दोनों को बड़ी राहत मिली।