January 23, 2026

Jaunpur news शीतलहर में भी नहीं रुकी संवेदना, दिव्यांग बिटिया फातिमा के घर जाकर मनाया गया जन्मदिन

Share


शीतलहर में भी नहीं रुकी संवेदना, दिव्यांग बिटिया फातिमा के घर जाकर मनाया गया जन्मदिन

जौनपुर।
मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए राजेश स्नेह ट्रस्ट ऑफ एजुकेशन की ओर से संचालित दिव्यांग बच्चों के विद्यालय एवं पुनर्वास केंद्र, रूहट्टा की छात्रा फातिमा का जन्मदिन इस बार खास अंदाज में मनाया गया। भीषण ठंड और विद्यालय में अवकाश के चलते संस्था के पदाधिकारी और समाजसेवी स्वयं फातिमा के घर पहुंचे और सादगीपूर्ण माहौल में उसका जन्मदिन मनाकर उसके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी।
घर पर आयोजित छोटे से आयोजन में फातिमा ने केक काटा। इस दौरान मौजूद लोगों ने तालियों की गूंज के बीच जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और केक खिलाकर खुशी साझा की। संस्था की सक्रिय सदस्य रेखा सिंह ने फातिमा को ठंड से बचाव के लिए ब्लैंकेट भेंट किया और कहा कि संस्था दिव्यांग बच्चों को अपनापन और खुशियां देने के लिए उनके जन्मदिन लगातार मनाती रहेगी।
वहीं रेखा त्रिपाठी ने कहा कि वह हर दिव्यांग बच्चे के जन्मदिन पर सहयोग करेंगी और उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य, इलाज तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी।
समाजसेवी डॉ. राजेश ने फातिमा को अपनी बेटी बताते हुए उसे मिठाई, समोसा, पायजामा, कोट, तौलिया और चेन जैसे उपहार प्रदान किए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आगे फातिमा के इलाज की जिम्मेदारी वह स्वयं उठाएंगे।
घर पर जन्मदिन मनाए जाने से फातिमा बेहद खुश नजर आई। इस अवसर पर डॉ. राजेश ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही उनकी और संस्था की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के बीच केक, मिठाई और समोसे वितरित किए गए।
कड़ाके की ठंड और दूरी के बावजूद बच्ची की खुशी के लिए घर पहुंचने पर फातिमा की मां नाजिया, दादी-दादा और परिवार के अन्य सदस्यों ने संस्था एवं समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मोहल्ले के कई बच्चे भी मौजूद रहे।

About Author