Jaunpur news राजेपुर संगम पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया स्नान-पूजन
राजेपुर संगम पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया स्नान-पूजन
जफराबाद। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सिरकोनी क्षेत्र के राजेपुर स्थित आदि गंगा गोमती और सई नदी के संगम पर बुधवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही हजारों लोगों ने पवित्र संगम में डुबकी लगाई और रामेश्वरम महादेव के दरबार में जल चढ़ाकर पूजन-अर्चन किया।
पौराणिक काल से इस संगम का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। यहां न केवल जनपद के लोग, बल्कि दूरदराज के जिलों से भी श्रद्धालु स्नान का पुण्य प्राप्त करने आते हैं। आसपास के गांवों में एक दिन पहले से ही रिश्तेदारों का आना शुरू हो गया था।
राजेपुर मेले का प्रसिद्ध ‘रेवड़ा’ इस अवसर का प्रमुख आकर्षण रहा। श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी इसे बड़े उत्साह से खरीदा। बताया जाता है कि यहां का रेवड़ा इतना लोकप्रिय है कि इसे विदेशों तक भेजा जाता है।
स्नान और दर्शन-पूजन के बाद लोगों ने मेले का आनंद उठाया। पुरुषों ने पुराने मित्रों से मुलाकात कर हालचाल जाना, महिलाएं गृहस्थी का सामान और सौंदर्य प्रसाधन खरीदती दिखीं, जबकि बच्चों ने झूलों और खिलौनों का भरपूर मजा लिया।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी जलालपुर गजानंद चौबे लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे और व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
