Jaunpur news आसमान में छाए बादल, बूंदाबांदी से मौसम सुहावना

IMG-20250917-WA0057
Share


आसमान में छाए बादल, बूंदाबांदी से मौसम सुहावना

मछलीशहर। बुधवार को सुबह से ही आसमान बादलों से घिरा रहा। बीच-बीच में चली धीमी हवाओं और हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। लोगों को तेज गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। तेज बारिश को लेकर लोगों में सशंका थी, लेकिन इंद्रदेव की कृपा बनी रही और पूजा कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हो गए।

सितंबर का महीना आधा बीत चुका है। आसमान में छाए बादलों के बीच धरती पर लहराते काश के सफेद फूल बहती हवाओं के साथ अठखेलियां करते हुए मानो देवी दुर्गा के स्वागत का संदेश दे रहे हों। 22 सितंबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र की तैयारियां भी अब जोरों पर हैं।

दिन में भले ही तापमान ऊंचा बना हुआ है, लेकिन भोर के समय ठंडी हवाओं और गिरते तापमान ने शरद ऋतु के आगमन की आहट देनी शुरू कर दी है।