Jaunpur news कमीशन बढ़ाने की मांग पर अड़े कोटेदार, जिला संघ ने सरकार से किया आग्रह
कमीशन बढ़ाने की मांग पर अड़े कोटेदार, जिला संघ ने सरकार से किया आग्रह
जौनपुर।
ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप संघ (जिला कोटेदार संघ) की बैठक मियापुर स्थित एक लॉन में जिलाध्यक्ष हरसू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि कोटेदार बिना किसी भेदभाव के सरकार की मंशा अनुरूप हर मौसम में खाद्यान्न वितरण करते हैं, लेकिन उन्हें मिलने वाला सरकारी कमीशन बेहद कम है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार जैसे कई भाजपा शासित राज्यों में प्रति क्विंटल 200 रुपये से अधिक कमीशन दिया जा रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश में यह केवल 90 रुपये है। तिवारी ने मांग की कि कोटेदारों का कमीशन तत्काल बढ़ाया जाए ताकि उनके परिवार का भरण-पोषण सुचारू रूप से हो सके।
कार्यकारी जिलाध्यक्ष दया शंकर निगम ने कहा कि पूरे देश में “एक राष्ट्र, एक कार्ड” की तर्ज पर कमीशन की भी समान व्यवस्था होनी चाहिए। सभा को महासचिव पद्माकर उपाध्याय, करंजाकला ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार यादव, मड़ियाहूं अध्यक्ष महेंद्र यादव समेत तमाम वक्ताओं ने संबोधित किया।
बैठक में रिंकू पंडित, राजेश पाठक, सलीमुल्ला, मनोज जायसवाल, अशोक गुप्ता, अमरनाथ, राधे गुप्ता, राम समहर यादव, बैरिस्टर, राजनाथ बिंद, राकेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कोटेदार उपस्थित रहे।
आभार प्रकट करते हुए जिलाध्यक्ष हरसू सिंह ने कहा कि कोटेदारों की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

