Jaunpur news सैकड़ों वर्ष पुराने कुएं का भव्य जीर्णोद्धार, पूजन और भंडारे का आयोजनजल संरक्षण को लेकर दिलाई गई शपथ
छंगापुर में सैकड़ों वर्ष पुराने कुएं का भव्य जीर्णोद्धार, पूजन और भंडारे का आयोजन
जल संरक्षण को लेकर दिलाई गई शपथ
जौनपुर। बक्शा विकास खंड के छंगापुर (लेदुका) गांव में पूर्वजों की प्रेरणा और आशीर्वाद से निर्मित सैकड़ों वर्ष पुराने कुएं का विधि-विधान से भव्य जीर्णोद्धार किया गया। इस अवसर पर मुख्य यजमान पूर्व प्रधानाचार्य पंडित देवेंद्र नारायण मिश्र, डॉ. ध्रुव नारायण मिश्र और एटा में तैनात मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र रहे।
कुएं के समीप स्थित मंदिर में प्रख्यात ब्राह्मणों द्वारा नवचंडी पाठ, रुद्राभिषेक और सुंदरकांड का पाठ संपन्न कराया गया। आरती के पश्चात शनिवार शाम विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।
सीडीओ डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र ने बताया कि यह कुआं वर्ष 1931 में निर्मित हुआ था और पूरे बस्ती के लोग यहीं से जल ग्रहण करते थे। उन्होंने कहा कि इस तरह के ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ी इन्हें देख सके और जल संरक्षण का संदेश ले सके।
इस अवसर पर सीडीओ ने ग्रामीणों और भंडारे में आए लोगों को फलदार आम के पौधे भेंट किए तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। साथ ही एक पौधा अपनी मां के नाम से रोपित किया।
कार्यक्रम में महेंद्र नारायण, ज्ञानेन्द्र मिश्र, सुरेंद्र मिश्र, जितेंद्र मिश्र, पंडित बागीश सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

