Jaunpur news आम महोत्सव में प्रथम पुरस्कार जीतने पर प्रगतिशील किसान अनिल यादव का सम्मान

Share


जौनपुर: आम महोत्सव में प्रथम पुरस्कार जीतने पर प्रगतिशील किसान अनिल यादव का सम्मान

मछलीशहर, जौनपुर।
शिव गोविंद महाविद्यालय में आयोजित एक भव्य स्वागत समारोह में जनपद के प्रगतिशील किसान अनिल यादव को सम्मानित किया गया। लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में आयोजित आम महोत्सव-2025 में अनिल यादव को उनके उत्कृष्ट आम की प्रजातियों के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। प्रदेशभर से आईं करीब 800 आम की किस्मों में अनिल यादव की प्रस्तुति सर्वश्रेष्ठ चुनी गई।

इस सम्मान के उपलक्ष्य में शिव गोविंद महाविद्यालय के डायरेक्टर संदीप यादव द्वारा एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के संस्थापक व पूर्व विधायक लाल बहादुर यादव ने कहा कि अनिल यादव ने न केवल जौनपुर जनपद का नाम रोशन किया है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और बागवानी के क्षेत्र में प्रेरणादायक कार्य किया है।

उन्होंने बताया कि अनिल यादव द्वारा उगाई गई विश्व प्रसिद्ध आम की किस्में — मियाज़ाकी (Miyazaki), स्वर्ण रेखा, बनाना, मल्लिका, नाजुक बदन, नीलम, केसर, आम्रपाली — महोत्सव में सभी का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहीं। निर्णायक मंडल ने इन्हीं आधारों पर उन्हें प्रदेश में प्रथम स्थान के लिए चुना। इस अवसर पर अनिल यादव को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव ने कहा कि अनिल यादव, थाना सिकरारा क्षेत्र के ग्राम बिशुनपुर (लाल बाजार) निवासी हैं और उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके गांव व परिवार बल्कि पूरे जौनपुर की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाली है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद अनिल यादव ने कहा, “यह पुरस्कार इस बात का प्रमाण है कि सही तकनीक, परिश्रम और लगन से स्थानीय स्तर पर भी अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता वाली फसलों का उत्पादन संभव है। यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा स्रोत है और मैं आगे भी ऐसे ही प्रयास करता रहूंगा।”

कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों में राहुल त्रिपाठी, डॉ. आसाराम यादव, राजमणि यादव, सरमू प्रधान, सिकंदर मौर्य, पप्पू यादव, प्राचार्य मुमताज अहमद, विनोद प्रजापति, रणधीर यादव, घनश्याम यादव, अरविंद गुप्ता व मुनीर अहमद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शैलेश यादव ने किया। अंत में डायरेक्टर संदीप यादव ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार जताया।


About Author