Jaunpur news वृक्ष हमारे प्राणवायु दाता और जीवन रक्षक हैं” — विनय सिंह

“वृक्ष हमारे प्राणवायु दाता और जीवन रक्षक हैं” — विनय सिंह
“वृक्ष हमें वह सब कुछ देते हैं जिसकी मानव को जरूरत है” — अस्मिता सेन
मुफ्तीगंज (जौनपुर)।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विकासखंड मुफ्तीगंज में वृक्षारोपण महाभियान के अंतर्गत 52 ग्राम पंचायतों में एक ही दिन में 65,657 पौध रोपे गए। इस वृहद कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व प्रमुख विनय सिंह और खंड विकास अधिकारी अस्मिता सेन ने किया।
मुख्य कार्यक्रम परौवा पंचमुखी मंदिर, देवकली प्राथमिक विद्यालय, महोड़ा और इटैली ग्राम पंचायतों में संपन्न हुआ। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। क्षेत्र पंचायत प्रमुख उषा देवी व उनके प्रतिनिधि अजय सिंह ने फरियादियों को पौधे देकर पर्यावरण सन्देश दिया।
ब्लॉक परिसर में भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सोनिया गिरी ने भी पौधरोपण कर लोगों को वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित किया।
देवकली प्राथमिक विद्यालय में जन समुदाय को संबोधित करते हुए पूर्व प्रमुख विनय सिंह ने कहा, “जलवायु परिवर्तन और ओजोन परत की रक्षा केवल वृक्षों के माध्यम से ही संभव है। ये वृक्ष हमारे जीवन के रक्षक हैं।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास पौधे लगाएं, ताकि आने वाली पीढ़ी को प्रदूषण जैसी समस्याओं से बचाया जा सके।
खंड विकास अधिकारी अस्मिता सेन ने कहा कि “पौधारोपण करना सिर्फ पर्यावरण प्रेम नहीं, बल्कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। पौधों की देखभाल और संरक्षण भी उतना ही ज़रूरी है।” उन्होंने कहा कि आज लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ी के लिए वरदान साबित होगा।
इस अवसर पर कमला यादव, एडीओ आईएसबी फूलचंद कनौजिया, एडीओ पंचायत रजनीश पाण्डेय, एडीओ एसटी अरविंद मौर्य, समाजसेवी सूरज सिंह, एपीओ रचित कपूर, ग्राम प्रधान सचिन राय (महोड़ा), कमलेश सिंह (देवकली), लेखाकार दिनेश कुमार, हेमलता सिंह, प्रवीन पाठक, प्रखर अस्थाना, चंद्रशेखर गुप्ता, आलोक दीक्षित, आलोक सिंह, सुरेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी को वृक्षारोपण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
