Jaunpur news ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत; महिला गंभीर
ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत; महिला गंभीर
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के उटरुकला गांव में राजा ढाबा के समीप रविवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के पीथापुर गौरमाफी निवासी भारत लाल का 27 वर्षीय पुत्र महेन्द्र कुमार गौतम अपनी रिश्ते की चाची मनीता देवी पत्नी राजेश गौतम के साथ बाइक से नौपेड़वा की ओर जा रहा था। दोनों एक रिश्तेदार की मौत की सूचना मिलने के बाद वहां जाने के लिए निकले थे।
बताया गया कि राजा ढाबा के पास पहुंचने पर उनकी बाइक के आगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी, जिस पर धनियामऊ परास स्थित ईंट भट्ठे से ईंटें लदी थीं। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन को दाईं ओर मोड़ दिया। अचानक सामने आए ट्रैक्टर से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक महेन्द्र कुमार गौतम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठी मनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
