पिस्टल के दम पर चला डांस शो! रातभर पुलिस सोती रही

Screenshot_20250608_112933_Video Player
Share

जौनपुर । जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के नहोरा गांव में शनिवार रात कानून को ठेंगा दिखाने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक कुख्यात बदमाश, जो महज 15 दिन पहले ही हत्या के मामले में जेल से छूटा था, शादी समारोह में खुलेआम पिस्टल लहराते हुए पहुंचा और रातभर दहशत का खेल खेलता रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दबंग ने पिस्टल दिखाकर पहले ग्रामीणों को डराया, फिर मंच पर मौजूद महिला आर्केस्ट्रा डांसर को भी पिस्टल दिखाकर अपने पसंदीदा गानों पर जबरन नचाता रहा। ग्रामीण खौफ में तमाशबीन बने रहे और किसी की भी हिम्मत नहीं हुई कि उसका विरोध करे।

हैरत की बात यह रही कि इस पूरी घटना की भनक तक पुलिस को नहीं लगी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस की सक्रियता की पोल खोल दी है। वीडियो में आरोपी खुलेआम पिस्टल के साथ दादागिरी करते और मंच पर धमक दिखाते साफ नजर आ रहा है।

सूत्रों के अनुसार वह हाल ही में हत्या के एक मामले में जेल से छूटा है। इसके बावजूद पुलिस का सूचना तंत्र पूरी तरह नाकाम साबित हुआ। वायरल वीडियो ने पुलिस की उस दावे की भी हवा निकाल दी है जिसमें कहा गया था कि “अब क्षेत्र में कोई भी अपराधी बचा नहीं है – या तो जेल में है या क्षेत्र छोड़ चुका है।”

अब जब वीडियो सोशल मीडिया पर ताबड़तोड़ वायरल हो चुका है, पुलिस हरकत में आई है, मगर अब क्या फायदा? सवाल ये है कि जब पिस्टल लहराकर कोई शादी में दहशत फैला सकता है और पूरी रात दबंगई कर सकता है, तो आम जनता की सुरक्षा आखिर किस भरोसे है?

क्या अब भी पुलिस इस दबंग पर कार्रवाई कर पाएगी, या ये भी महज एक और ‘जांच जारी है’ केस बनकर रह जाएगा?