Jaunpur news बाबा साहेब के अपमान में लोक जनशक्ति पार्टी ने किया विरोध प्रदर्शन फूंका पुतला

Share

बाबा साहेब के अपमान में लोक जनशक्ति पार्टी ने किया विरोध प्रदर्शन फूंका पुतला

बाबा साहेब के अपमान के विरोध में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का प्रदर्शन, विकास विजय नारायण पांडेय का भव्य स्वागत

Jaunpur news जौनपुर, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नव नियुक्त प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता विकास विजय नारायण पांडेय के प्रथम जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राजीव पासवान भी मौजूद रहे। यह स्वागत एकदिवसीय यात्रा के तहत प्रयागराज से होकर जौनपुर पहुंचने पर किया गया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बदलापुर बाजार में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में समाजवादी पार्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सपा द्वारा बाबा साहेब की तस्वीर से उनका आधा चेहरा हटाकर उनका अपमान किया गया है। इस विरोध में अखिलेश यादव का पुतला दहन भी किया गया। सैकड़ों कार्यकर्ता “बाबा साहब का अपमान नहीं सहेंगे” के नारों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदेश महासचिव विकास विजय नारायण पांडेय ने कहा, “बाबा साहेब का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी ऐसा कृत्य करेगा, उसे जनता के बीच से पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।”
उन्होंने अपने परिवार की राजनीतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके दादा स्व. राजा राम पांडेय 2002 में लोक जनशक्ति पार्टी से विधायक, विधानमंडल के नेता और कैबिनेट मंत्री रहे।
उन्होंने बताया कि उनके पिता भी 1993 में विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रह चुके हैं और वर्तमान में वे दोनों कई शिक्षा संस्थानों का संचालन कर रहे हैं, जहां सभी समाज वर्गों के बच्चों को आधुनिक शिक्षा प्रदान की जा रही है।

विकास पांडेय ने पार्टी से जुड़ने का कारण बताते हुए कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान से मेरे पुराने संबंध हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहयोगी पार्टी होने के नाते शिक्षा के क्षेत्र में चिराग की सोच ने मुझे प्रेरित किया। मैं पार्टी के हर मिशन में चिराग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलूंगा और हर वर्ग के लोगों तक शिक्षा पहुंचाने का प्रयास करूंगा।”

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राजीव पासवान ने कहा कि सपा हमेशा से दलित विरोधी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने सबसे पहले पदोन्नति में आरक्षण बिल का विरोध किया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 2027 के चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।

मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान, प्रदेश महासचिव विकास विजय नारायण पांडेय समेत कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About Author