September 8, 2024

4 वर्ष पूर्व बने पुल के पिलर में आई दरार

Share

पुल निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप

यूपी। जौनपुर जिले के जलालपुर में सई नदी पर बने पुल के पिलर नम्बर पाँच में आठ से बारह इंच की दरार आ गयी है, जिसके बाद इस पर गाड़ियों का आवागमन बंद कर दिया गया है। नेशनल हाईवे पर बना यह पुल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से यूपी की राजधानी लखनऊ को जोड़ता है। इस पुल का निर्माण अभी हाल मे ही करीब चार साल पूर्व हुआ है। इतनी जल्दी पुल के पिलर में दरार आने से यह साफ हो जाता है कि पुल निर्माण में घटिया सामानों का प्रयोग करके भ्रष्टाचार किया गया है। पुल के पिलर में दरार की खबर के बाद लोगों में दहशत है। हलांकि पुल के पिलर की दरारो को ठीक करने के लिए आनन-फानन में रात को दर्जनों मजदूर लगाकर काम शुरू किया गया है।

40 साल पुराना पुल 4 वर्ष पुराने पुल का विकल्प कब तक?

जौनपुर। सई नदी पर बने जिस पुल के पिलर में दरार आई है उस पुल का निर्माण मात्र चार वर्ष पूर्व ही फोरलेन बनने के दौरान किया गया था। इसी पुल से सटकर 40 साल पुराना एक और पुल है। वह पुल बिल्कुल सही हालात में है, इस समय उसी पुल से वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। आपको बता दें कि जलालपुर पुरानी बाजार में स्थित सई नदी पर बने शाही पुल के कमजोर हो जाने के बाद करीब 40 वर्ष पूर्व बाइपास का निर्माण हुआ। बाइपास निर्माण के दौरान शाही पुल से करीब पाँच सौ मीटर दूर पश्चिम दिशा में इसी नदी पर एक और पुल बनाया गया। 40 साल पहले बना यह पुल आज भी पूरी तरीके से ठीक है जिससे वाहनों के आवागमन में कोई समस्या नहीं हो रही है नहीं तो पुल निर्माण में हुए भ्रष्टाचार के कारण जौनपुर और बनारस को जोड़ने वाला सड़क मार्ग जलालपुर के पास पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता। हालांकि यह कह पाना कठिन है कि 40 साल पुराना पुल 4 वर्ष पुराने पुल का विकल्प कब तक बना रह सकेगा।

व्यापार मंडल अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने पुल निर्माण में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

जौनपुर। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष जलालपुर अभिषेक गुप्ता ने पुल निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का प्रयोग करने एवं भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस पुल के बगल में एक पुल और है और वह 40 साल से सीना तानकर खड़ा है वहीं 4 साल पहले बने पुल के पिलर में दरार आने से यह साबित होता है कि पुल निर्माण कार्य में घटिया सामाग्री का प्रयोग करके भ्रष्टाचार किया गया है।

समाजसेवी संकठा गुप्ता ने कहा पुल गिरने का हमेशा बना रहेगा खतरा

जौनपुर। पुल के पिलर में आई दरार के मरम्मत कार्य को लेकर समाजसेवी संकठा गुप्ता ने बड़ा सवाल खड़ा किया है। श्री गुप्ता ने कहा कि पिलर की दरारों को ठीक करने का तरीका सही नहीँ है। पुल कभी भी गिर सकता है। बेहतर होता कि पूरे पिलर का निर्माण फिर से कर दिया जाता जिससे पुल की मजबूती बनी रहती।

About Author