महाभियान में 52 हजार से ज्यादा लोगों को लगी मुफ्त प्रीकाशन डोज

महाभियान में 52 हजार से ज्यादा लोगों को लगी मुफ्त प्रीकाशन डोज
जनपद में अबतक 11.22 लाख से ज्यादा लोगों को लग चुकी है प्रीकाशन डोज
जौनपुर, 29 सितंबर 2022 । कलेक्ट्री निवासी तनू (23) पढ़ाई के चलते बाहर रह रहीं थीं। उनका कहना है कि जनपद में नहीं रहने के कारण प्रीकाशन डोज नहीं लगवा पाईं थीं। गुरुवार को महाभियान के दौरान उन्होंने नि:शुल्क प्रीकाशन डोज लगवाई। गंगापट्टी कला की श्वेता मिश्रा (20) डेढ़ महीने से परीक्षा में व्यस्त थीं। इस वजह से प्रीकाशन डोज नहीं लगवा सकीं। गुरुवार को उन्होंने भी महाभियान के दौरान राजकीय लीलावती महिला चिकित्सालय में प्रीकाशन डोज का टीका लगवाया। इस तरह से गुरुवार को खबर लिखे जाने तक महाअभियान में जनपद में 52 हजार से अधिक लोगों को प्रीकाशन डोज लगाई जा चुकी थी।
केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के आदेश पर चले महाभियान में जनपद में गुरुवार को 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लाभार्थियों ने नि: शुल्क प्रीकाशन डोज का लाभ उठाया । जनपद में अब तक 11,22,433 लोगों को प्रीकाशन डोज लगाई जा चुकी है। गुरुवार को जिला महिला अस्पताल, जिला पुरुष अस्पताल, राजकीय लीलावती महिला चिकित्सालय, अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटघरा के साथ ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) तथा ग्रामीण स्तर पर भी टीकाकरण टीमों के माध्यम से वृहद स्तर पर टीकाकरण कराया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ लक्ष्मी सिंह ने मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का तथा जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ नरेन्द्र सिंह ने शहरी क्षेत्र सहित अन्य ब्लाकों में महाभियान के तहत किए जा रहे मुफ्त टीकाकरण की व्यवस्था का निरीक्षण किया। अभियान में यूनीसेफ की टीम ने भी सहयोग किया। ब्लाक कोआर्डिनेटर ब्लाक स्तर पर प्रीकाशन डोज के लाभार्थियों को टीकाकरण केंद्रों पर लाने के लिए प्रेरित करने में लगे रहे।
डीआईओ डॉ नरेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रीकाशन डोज के मुफ्त टीकाकरण की यह सुविधा आज (30 सितंबर) को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद यह सुविधा निजी टीकाकरण केंद्र पर निर्धारित भुगतान के साथ मिलेगी ।
