February 23, 2026

80 प्रतिशत लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें

Share

80 प्रतिशत लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें

बैठक
-जिलाधिकारी ने धीमी गति से कार्ड बनाए जाने पर जिम्मेदारों को दिया निर्देश
-जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक, सरकारी प्रसव इकाइयों पर ज्यादा से ज्यादा प्रसव कराने का निर्देश

जौनपुर, 30/08/2022।
कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक हुई। इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित सभी गतिविधियों की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आयुष्मान भारत में आयुष्मान कार्ड बनाने की गति धीमी होने पर जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी को गति तेज करने तथा एक माह में कम से कम 80 प्रतिशत लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) साईं तेजा सीलम ने सरकारी प्रसव इकाइयों में प्रसव कम होने पर नाराज़गी जताई। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों/अधीक्षकों को आशावार समीक्षा करते हुए ज्यादा से ज्यादा प्रसूताओं को नि:शुल्क प्रसव की सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया।
गृह आधारित शिशु की देखभाल (एचबीएनसी) कार्यक्रम के अंतर्गत सभी इकाइयों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नवजात शिशुओं का आशाओं के माध्यम से शत-प्रतिशत परीक्षण कराना सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
टीकाकरण कार्यक्रम में धर्मापुर, मछलीशहर, बदलापुर और सुजानगंज के मानक के अनुरूप 90 प्रतिशत से कम बीसीजी का टीकाकरण कराने पर नाराज़गी जताई। किसी भी दशा में शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। अन्य गतिविधियों की भी एक-एक कर समीक्षा की गई और लक्ष्य के अनुरूप क्रियान्वयन कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डा लक्ष्मी सिंह, डीपीएम सत्यव्रत त्रिपाठी, जिला पुरुष चिकित्सालय के सीएमएस डा एके शर्मा, जिला महिला चिकित्सालय की सीएमएस डा तबस्सुम बानो, सभी एसीएमओ, सभी एडीओ पंचायत, सीडीपीओ, बीडीओ, बीएसए, डीआईओएस, ,डीटीओ डा राकेश कुमार सिंह, डीएलओ डा प्रभात कुमार, डीपीआरओ, श्रम विभाग व आपूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

About Author