टी.डी.पी.जी. कॉलेज के विज्ञान संकाय में बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया सोमवार

जौनपुर। टी.डी.पी.जी. कॉलेज के विज्ञान संकाय में बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया सोमवार दिनांक 29/08/ 2022 को प्रातः 10:30 बजे से प्रारंभ होगी। विज्ञान संकाय प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए प्रोफेसर अरविंद कुमार सिंह को प्रवेश समिति का संयोजक बनाया गया है।
प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में शनिवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया है कि विज्ञान संकाय में स्नातक कक्षा में सभी विषयों के प्रवेश लिए जाएंगे। विज्ञान स्नातक बायोलॉजी ग्रुप में प्रवेश के लिए 41 नंबर तथा गणित ग्रुप में 40 नंबर तक के सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। प्रोफेसर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ चार अद्यतन रंगीन फोटो, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के अंकपत्र एवं प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड की मूल एवं छायाप्रतियों के साथ सुबह 10:30 बजे महाविद्यालय के विज्ञान संकाय में उपस्थित होना है। प्रवेश के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं जो अभ्यर्थियों के अंक पत्रों एवं प्रमाण पत्रों की सघन जांच एवं विषय का निर्धारण करेंगी। बैठक में प्रोफेसर एस.के. वर्मा, प्रोफेसर अरुण कुमार चतुर्वेदी, प्रोफेसर अजय शुक्ला, डॉ. के. वी. यादव, डॉ.राजकुमार यादव, डॉ. बालमुकुंद सेठ, डॉ. विशाल पुंडीर, डॉ. रेनू सिंह आदि उपस्थित थे।
