February 23, 2026

थाना बदलापुर में हुई सफाई तथा एंटी लार्वा स्प्रे का छिड़कावडेंगू की रोकथाम के लिए विभागीय कार्रवाई तेज

Share

थाना बदलापुर में हुई सफाई तथा एंटी लार्वा स्प्रे का छिड़काव
डेंगू की रोकथाम के लिए विभागीय कार्रवाई तेज
फालोअप

  • लार्वा के श्रोत को नष्ट किया तथा डेंगू मरीज के स्वास्थ्य की ली जानकारी
  • मंडलीय एन्टोमोलाजिकल टीम ने दूसरे दिन डेंगू प्रभावित क्षेत्र में निर्देशों के पालन को देखा
    जौनपुर, 27 अगस्त 2022 । वाराणसी मंडल के बायोलाजिस्ट/जोनल एंटोमोलाजिस्ट तथा मंडलीय एन्टोमोलाजिकल टीम के प्रभारी डॉ अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में दूसरे दिन शनिवार को भी टीम ने डेंगू प्रभावित बदलापुर क्षेत्र का निरीक्षण कर एक दिन पहले दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति की परख की।
    टीम बदलापुर थाना परिसर पहुंची और शुक्रवार को फागिंग तथा साफ-सफाई के संबंध में जारी निर्देश का फालोअप लिया। पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह नगर पालिका के सफाईकर्मी आए और उन्होंने थाना परिसर में सफाई तथा फागिंग कराई। उन्होंने एंटीलार्वा स्प्रे का छिड़काव भी किया।
    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जाते समय कस्बे में ही एक पात्र में डेंगू के लार्वा मिले जिसे नष्ट किया गया। टीम ने सीएचसी के डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया। वहां मात्र एक डेंगू का मरीज मिला। उनसे स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। उन्हें भर्ती हुए चौथा दिन था और उन्हें बुखार नहीं था। उन्हें दवा मिल रही थी और वह अस्पताल की सेवाओं से संतुष्ट थे।
    डेंगू को फैलाने वाले एडीज मच्छरों तथा उनके लार्वा पैदा होने के स्थल को लेकर टीम ने क्षेत्र के लोगों से घरों के आसपास जलजमाव न होने देने की अपील की। इसके साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और मच्छरदानी का प्रयोग करने को कहा। लोगों से पूरी बांह की शर्ट और पैंट पहनने की सलाह दी, जिससे डेंगू के वाहक मच्छरों से उनका बचाव हो सके। टीम के प्रभारी ज़ोनल अधिकारी व बायोलोजिस्ट डॉ अमित कुमार सिंह ने कहा कि यदि जल निकासी की व्यवस्था न बन पाए तो एकत्रित जल पर जले हुए मोबिल या एंटी लार्वा स्प्रे का छिड़काव कर दें। इससे वहां पर लार्वा पैदा नहीं हो पाएंगे तथा पहले से मौजूद लार्वा नष्ट हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि बुखार आने पर किसी चिकित्सक से परामर्श लेकर ही दवा का सेवन करें।
    इन बातों का रखें विशेष ध्यान –
  • घरों के आसपास न होने दें जलजमाव
  • साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें
  • मच्छरदानी का प्रयोग जरूर करें
  • पूरी बांह की शर्ट और पैंट पहनें
  • जल निकासी की व्यवस्था न हो पाने पर करें मोबिल या एंटी लार्वा छिड़काव

About Author