February 23, 2026

घर-घर जाकर आशा कार्यकर्ता खोज रहीं क्षयरोगी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के जरिये 30 सितंबर तक चलेगा अभियान

Share


घर-घर जाकर आशा कार्यकर्ता खोज रहीं क्षयरोगी
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के जरिये 30 सितंबर तक चलेगा अभियान
क्षय उन्मूलन

  • पहले दो दिनों में 1,15,210 घरों में पहुंचीं आशाएँ, 4,60,840 लोगों की लक्षण के आधार पर की स्क्रीनिंग
  • माइक्रोस्कोप, ट्रूनाट एवं सीबीनाट जांच के लिए भेजे बलगम के नमूने
    जौनपुर, 26 अगस्त 2022 । राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम तहत जनपद को क्षयरोग मुक्त बनाने का अभियान चल रहा है। 23 अगस्त से 3,907 आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर क्षयरोग संभावित लक्षणों के आधार पर स्क्रीनिंग कर रही हैं। यह अभियान जनपद के समस्त 185 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तथा तीन नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के जरिये 30 सितंबर तक चलेगा। जनपद की लगभग 54 लाख आबादी के सापेक्ष पहले दो दिनों (23 और 24 अगस्त) में 1,15,210 घरों में सम्पर्क किया गया। 4,60,840 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 69 संभावित टीबी लक्षण के व्यक्ति मिले लेकिन जांच में कोई क्षयरोग धनात्मक नहीं पाया गया।
    जिला क्षयरोग अधिकारी (डीटीओ) डा राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 23 अगस्त से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान में आशा कार्यकर्ता, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से क्षयरोगियों की खोज कर रहीं हैं। इसके लिए जनपद के 185 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को प्रशिक्षण दिया गया है। अभियान के दौरान वह ऐसे लोगों को चिह्नित कर रही हैं जिन्हें दो सप्ताह से अधिक समय तक बुखार रह रहा हो, खांसी आ रही हो, वजन कम हो रहा हो, भूख नहीं लग रही हो, रात में पसीना आ रहा हो। उनके बलगम के दो नमूने ले रहीं हैं। एक नमूना मौके पर तथा एक सुबह के समय का ले रहीं हैं। प्रत्येक ऐसे चिह्नित व्यक्ति के बलगम के नमूनों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे माइक्रोस्कोप, ट्रूनाट एवं सीबीनाट मशीन के माध्यम से जांच की जाएगी। जांच में जो भी क्षयरोग धनात्मक मिलेगा, 48 घंटे के अंदर संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के अधीन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से दवा शुरू हो जाएगी।
    क्षय उन्मूलन अभियान के जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) सलिल यादव ने बताया कि समस्त क्षयरोगियों के नोटीफिकेशन की जिम्मेदारी संबंधित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के सीएचओ को दी गई है। जिला क्षय नियंत्रण केंद्र स्तर से उन्हें निक्षय पोर्टल की आईडी और पासवर्ड जारी कर दिया गया है। विशेष अभियान को देखते हुए शहरी यूनिट सहित जनपद की समस्त टीबी यूनिटों पर आशा कार्यकर्ताओं का संवेदीकरण की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। अभियान के दौरान लगभग 800 गर्भवती की एचआईवी के साथ क्षयरोग की जांच की जाएगी। अभियान के दौरान क्षयरोगियों नोटीफिकेशन बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा। इस अभियान में प्रत्येक आशा कार्यकर्ता 15 घर का भ्रमण कर एएनएम को उसकी रिपोर्टिंग करेंगी। रजिस्टर में उन्हीं के नाम नोट करेंगी जो टीबी संभावित हों। उन्हें टीबी जांच के लिए रेफर किया जाएगा।
    उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में 3,901 क्षयरोगी उपचाराधीन हैं। इस वर्ष जनपद में कुल 8,500 क्षयरोगियों की खोज का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसमें अब तक 4,665 क्षयरोगियों की खोज की जा चुकी है।

About Author