डीएम ने डीआईओएस दफ्तर में मारा छापा, कर्मचारियों में हड़कंप


कार्यालय आने जाने वालों का दर्ज होगा लेखा-जोखा बनेगा रजिस्टर
निर्देश, डीआईओएस दफ्तर में नहीं चलेगा अटैचमेंट का खेल, मूल विद्यालयों में जाकर शिक्षण कार्य देखेंगे शिक्षक और बाबू
जौनपुर ।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने गुरुवार को डीआईओएस दफ्तर में छापा मारा तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लापता कर्मचारी भी दफ्तर पहुंच कर अपने पटल पर मुस्तैद हो गए।
कार्यालय में जुटी भारी भीड़ देख जिलाधिकारी ने जानकारी पूछा तो मालूम पड़ा कि तमाम ऐसे शिक्षक शिक्षकेतर कर्मचारी 50 से 70 किलोमीटर दूर मुंगराबादशाहपुर और सुईथकला विकास खंड से यहां आए हुए हैं लेकिन पटल पर संबंधित कर्मचारियों के न रहने से उन्हें तमाम समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं।
जिलाधिकारी ने डीआईओएस नरेंद्र देव को कड़े निर्देश दिए कि कार्यालय में एक आगंतुक रजिस्टर बनाया जाए। जिस पर संबंधित क्षेत्र से आने जाने वाले का नाम, पता, मोबाइल नंबर और उसके आने का कारण दर्ज होना चाहिए।
विद्यालय समय सारणी के अनुसार कोई भी शिक्षक विद्यालय छोड़कर जौनपुर मुख्यालय पर दिखाई ना दे , उसे प्रत्येक दशा में पठन-पाठन करना अनिवार्य है। बावजूद इसके अगर कोई भी शिक्षक शिक्षणेत्तर कर्मचारी मुख्यालय पर दिखाई देता है तो संबंधित शिक्षक के साथ डीआईओएस से भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
जिलाधिकारी ने बाद में जिला विद्यालय निरीक्षक दफ्तर का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका सहित अन्य पंजिकाओं का विस्तृत निरीक्षण कर सभी पटल सहायकों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र देव को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि कोई भी अध्यापक कार्यालय में अटैच नहीं होना चाहिए।
, जिसकी नियुक्ति जहां पर है वहीं पर अपनी सेवा दे।
जिलाधिकारी ने कार्यालय के गेट के सामने सी.सी.टी.वी लगाए जाने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया।
बॉक्स
पार्किंग नहीं बनना चाहिए जीजीआईसी परिसर, डीएम
जौनपुर।
डीएम मनीष कुमार वर्मा जीजीआईसी परिसर में निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां अवैध रूप से खड़ी आधा दर्जन चार पहिया वाहनों को देखते ही उनके तेवर सख़्त हो गए। कहा यह विद्या का मंदिर है, यहां किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश और छोटी बड़ी गाड़ियों की पार्किंग होना बेहद ही चिंता का विषय है।
ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने प्रिंसिपल को कड़े निर्देश दिए कि इस पर कड़ाई के साथ रोक लगनी चाहिए।
परिसर में बच्चों को टायकांडो का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। उन्होंने जिला होमगार्ड कमांडेड को निर्देशित किया कि दो होमगार्ड की नियमित रूप से डयूटी गेट पर लगाई जाए । जिससे कालेज कैंपस में बाहरी लोग व गाड़ियां प्रवेश न कर पाए। डीएम श्री वर्मा ने जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं ईडीएम को निर्देशित किया कि कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण कर सभी कंप्यूटरो को क्रियाशील करें।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ गोरखनाथ पटेल, रमेश यादव,
रूद्र प्रताप पाल, विजय कुमार शर्मा सहित अन्य कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
