डंपर की चपेट में आने से विक्षिप्त युवक की दर्दनाक मौत, नेताजी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त

खुटहन चौराहे पर रविवार की तड़के हुआ हादसा
चालक व खलासी फरार, पुलिस कार्रवाई में जुटी
जौनपुर खुटहन चौराहा पर रविवार की अलसुबह बेकाबू डंपर की चपेट में आने से विक्षिप्त व्यक्ति की मौत हो गई और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद चालक व खलासी भाग गए। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
बदलापुर की तरफ से शाहगंज की ओर जा रहा गिट्टी लदा डंपर रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 35 एटी-1187 भोर में चौराहा पर अनियंत्रित हो गया। अचानक लहराता हुआ डंपर चौराहा पर बीचोबीच गोलाकार घेरा का चबूतरा ध्वस्त करते हुए नेताजी की प्रतिमा से टकरा गया। चबूतरे पर सोया करीब 45 वर्षीय विक्षिप्त युवक उसी के नीचे कुचलकर मर गया। डंपर की टक्कर से नेताजी की प्रतिमा चकनाचूर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आवाज सुनकर चौराहे के आसपास के लोग जुट गए। थाना पास होने से तुरंत पुलिस पहुंच गई, किंतु तब तक चालक व खलासी फरार हो चुके थे। पुलिस ने बुलडोजर मंगाकर डंपर हटवाया तो उसके नीचे दबा विक्षिप्त का शव निकाला जा सका। दुकानदारों ने बताया कि मृत युवक कई महीनों से बाजार में पीठ पर बोरी लिए इधर-उधर टहलता रहता था। दुकानदार जो देते थे वही खा-पी लेता था। अक्सर वह रात में प्रतिमा परिसर के चबूतरे पर ही सो जाता था। मृत व्यक्ति की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव आवश्यक लिखापढ़ी के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया।
