आजादी अमृत महोत्सव के अन्तर्गत हर घर तिरंगा कार्यक्रम के संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न

Share

जौनपुर आजादी अमृत महोत्सव के अन्तर्गत हर घर तिरंगा कार्यक्रम के संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई।
            बैठक में जिला विकास अधिकारी बीबी सिंह ने अवगत कराया कि स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम देश भर में गरिमामय रूप से मनाया जा रहा है। इसके अन्तर्गत प्रत्येक भारतीय को अपने घर एवं प्रतिष्ठानों पर झण्डा फहराने के लिए प्रेरित करना है।
               जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जाग्रत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना है। जनपद में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाये जाने हेतु ’’हर घर तिरंगा कार्यक्रम प्रत्येक सरकारी अधिकारी/कर्मचारी, शिक्षकगण, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों, विभिन्न नागरिक संगठनों आदि के सहयोग से क्रियान्वित किया जाय। वाणिज्यिक एवं व्यावसायिक समूहों, संगठनों को उनकी सहभागिता एवं तिरंगा झण्डा बनवाने के लिए सी०एस०आर० संसाधनों को उपलब्ध कराये जाने हेतु प्रेरित किया जाये।
              ग्राम पंचायत स्तर पर सम्बन्धित विभाग द्वारा जागरूकता सत्र का आयोजन करते हुए ग्राम प्रधानों को शत-प्रतिशत घरों, दुकानों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों तथा नलकूपों इत्यादि पर झण्डा फहराने हेतु प्रेरित किया जाये।
               जनपद के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में झण्डा के वितरण/बिक्री हेतु केन्द्रों को चिन्हित कर जनपद की समस्त सरकारी राशन की दुकानों को झण्डा वितरण एवं बिक्री केन्द्र के रूप में प्रयोग किया जाये। झण्डों के निर्माण हेतु स्वयं सहायता समूहों को सम्मिलित करते हुए ’’झण्डा निर्माण समूहों का गठन किया जाये।
               उन्होंने जिला विकास अधिकारी बी0बी0 सिंह को निर्देश दिया कि झण्डा निर्माण लक्ष्यों के अनुसार पर्याप्त संख्या में झण्डों का निर्माण सुनिश्चित कराया जाये। नगरीय एवं पंचायत स्तर पर लोगों को झण्डा क्रय करने एवं कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु प्रेरित किया जाये।
               जनपद के समस्त सरकारी, सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, गैर सरकारी संगठनों, रेस्टोरेन्ट, शॉपिंग काम्पलेक्स, टोल प्लाजा, पुलिस चौकी/थाना इत्यादि को इस कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से झण्डा फहराये जाने हेतु निर्देशित किया जाये। बैनर, पम्पलेट, स्टैण्डी, होर्डिग्स एवं अन्य उपर्युक्त माध्यमों से स्थानीय भाषा में कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये।
               परिवहन निगम की समस्त बसों, निजी बसों, ट्रकों एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों तथा सरकारी वाहनों में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का संदेश स्टीकर अथवा अन्य माध्यम से लगाया जाये। जनपद के समस्त टोल प्लाजा, चेक प्वाइन्ट्स इत्यादि पर बैनर, स्टैण्डी आदि लगाया जाये।
                 जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद स्तर से पंचायत स्तर तक विभिन्न स्तरों पर नोडल अधिकारीगण के साथ-साथ पर्यवेक्षकों की भी तैनाती प्रत्येक विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायतों के स्तर कर ली जाय तथा विभिन्न स्तरों पर इसकी नियमित समीक्षा भी की जाये।
                 जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी प्राथमिक/माध्यमिक स्कूलों में ’’पैरेन्ट-टीचर मीटिंग’’ के माध्यम से कार्यक्रम के सम्बन्ध में भी सभी को जानकारी दी जाये।
                ’’हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम के वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार के माध्यम से एवं सिनेमाघरों, मल्टीप्लेक्स, केबिल नेटवर्क, स्थानीय सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से फ्लायर, वीडियो अपील, रेडिया जिंगल आदि के द्वारा किया जाये।
                जनपद के समस्त सरकारी अधिकारी/कर्मचारियों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आँगनबाड़ी कर्मियों, आशा बहुओं आदि को पूर्व निर्धारित लक्ष्य दिया जाये तथा उक्त लक्ष्य की प्राप्ति हेतु किये गये प्रयासों की नियमित समीक्षा की जाये।
                 उन्होंने अवगत कराया कि 15 जुलाई से 05 अगस्त 2022 के मध्य जनपद के समस्त घरों, दुकानों, कार्यालय, प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य सरकारी एवं गैर सरकारी परिसरों में झंडों की उपलब्धता निर्धारित रूप से सुनिश्चित करा ली जाए।
                जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि झण्डा तैयार करने में स्वयंसेवी संस्थानों का सहयोग लिया जाए और झण्डा तैयार करने हेतु दिए गए दिशा-निर्देश के अनुसार ही तैयार किया जाए।
               इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व रजनीश राय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमान्शु नागपाल, जिला विकास अधिकारी बी0बी0 सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About Author