Jaunpur news जौनपुर में चोरी के मोबाइल फोन का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, 939 मोबाइल के साथ सात आरोपी गिरफ्तार

IMG-20261114-WA0090
Share


जौनपुर में चोरी के मोबाइल फोन का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, 939 मोबाइल के साथ सात आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में चोरी के मोबाइल खपाने का चल रहा था खेल, 272 फर्जी सिम और 40 बोरी मोबाइल के पुर्जे बरामद
जौनपुर। जिले की बक्शा पुलिस ने चोरी और पुराने मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 939 मोबाइल फोन, 272 सिम कार्ड और मोबाइल के पुर्जों से भरी 40 बोरियां बरामद की हैं। इसके अलावा नकदी, एक कार और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस के हाथ लगी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी चोरी के मोबाइल फोन बेहद कम कीमत पर खरीदते थे। इसके बाद उन्हें एकत्र कर उनके उपयोगी पार्ट्स अलग किए जाते थे। इन पुर्जों को जोड़कर दोबारा मोबाइल तैयार किए जाते और फिर दिल्ली में अलग-अलग लोगों को बेच दिया जाता था। इस पूरे नेटवर्क में कई जनपदों के लोग शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों और साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बक्शा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 14 नवंबर 2026 को तड़के करीब तीन बजे कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को 805 की-पैड मोबाइल और 134 एंड्रॉयड फोन मिले। बरामद मोबाइल विभिन्न नामी कंपनियों के हैं। इसके साथ ही 272 सिम कार्ड और 40 बोरियों में मदरबोर्ड, आईसी, डिस्प्ले, स्क्रीन, चेसिस सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक पुर्जे बरामद किए गए। पुलिस ने 24 हजार रुपये नकद, टाटा टियागो कार और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
किराये के मकान में जमा होते थे मोबाइल
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्थानों से चोरी और संदिग्ध मोबाइल फोन सस्ते दामों पर खरीदते थे। बड़ी संख्या में मोबाइल इकट्ठा होने के बाद उन्हें बक्शा क्षेत्र में सौरभ गुप्ता और कामेश गुप्ता के किराये के मकान में रखा जाता था। वहां पुराने और खराब मोबाइलों के मदरबोर्ड, कैमरा, डिस्प्ले सहित अन्य काम आने वाले हिस्सों को अलग कर नए फोन तैयार किए जाते थे। इसके बाद हसीम खान उर्फ वसीम के माध्यम से दिल्ली में इनकी बिक्री की जाती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास बरामद मोबाइलों की खरीद से संबंधित कोई वैध रसीद या दस्तावेज नहीं मिले हैं।
साइबर ठगी में इस्तेमाल होने की आशंका
इस मामले में साइबर अपराध से जुड़े तार भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि बरामद सिम कार्ड और मोबाइल उपकरणों का इस्तेमाल फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों में किया जा सकता था। मोबाइलों के आईएमईआई नंबर, सिम कार्ड और डिजिटल डेटा की तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित साइबर अपराधों का पता लगाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ गुप्ता और कामेश गुप्ता निवासी उमरपुर शिवगुलामगंज, बक्शा (जौनपुर), संजय सिंह निवासी गोधेपुर गजनेर (कानपुर देहात), अजय नायक निवासी परतापुर दिवियापुर (औरैया), अखिलेश नायक निवासी रामनगर ठठिया (कन्नौज), संजय सिंह निवासी आरामऊ रूरा (कानपुर देहात) तथा हसीम खान उर्फ वसीम निवासी आशियाना कॉलोनी, लोहियानगर (मेरठ) के रूप में की है।
इस संबंध में थाना बक्शा में मुकदमा संख्या 571/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह सहित बक्शा थाने के उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल रहे।