Jaunpur news सिपाह मानिक चौक में धूमधाम से मना ऐतिहासिक दशहरा और भरत मिलाप

IMG-20261022-WA0039
Share

सिपाह मानिक चौक में धूमधाम से मना ऐतिहासिक दशहरा और भरत मिलाप
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया शुभारंभ
भगवान राम और भरत का मिलन देख भावुक हुए श्रद्धालु, आकर्षक झांकियों ने मोहा मन
जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
जौनपुर। नगर के मानिक चौक सिपाह में श्री रामलीला व भरत मिलाप समिति सिपाह के तत्वावधान में ऐतिहासिक दशहरा और भरत मिलाप का आयोजन धूमधाम से किया गया। धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल में आयोजित कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने भगवान श्रीराम दरबार के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आज भी प्रासंगिक है। उनके आदर्श, मर्यादा और जीवन मूल्य समाज को सही दिशा दिखाते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को भगवान श्रीराम के बताए रास्ते पर चलने का प्रयास करना चाहिए। यदि हम उनके जीवन के अंशमात्र को भी अपने आचरण में उतार लें तो जीवन सार्थक हो सकता है। भगवान राम का जीवन सत्य, त्याग, प्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध के मंचन से हुई। काफी देर तक चले रोमांचक युद्ध में अंततः असत्य पर सत्य की विजय हुई और रावण का वध किया गया। इसके बाद रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन होते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की जय-जयकार कर विजयादशमी के पर्व की खुशियां मनाईं।
रावण दहन के बाद भरत मिलाप का मुख्य आयोजन हुआ। मानिक चौक में विराजमान भरत और शत्रुघ्न की झांकी सिपाह चौराहे पर पहुंची, जहां भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी विराजमान थे। भगवान श्रीराम ने जैसे ही अपने अनुज भरत को देखा, उन्हें गले लगा लिया। दोनों भाइयों के मिलन का यह भावुक दृश्य देखकर वहां मौजूद श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। इस दौरान लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भरत मिलाप के पश्चात मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने भगवान श्रीराम, माता सीता और पूरे रामदरबार की आरती उतारी तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सिपाह चौराहे से शुरू होकर मंच के सामने से गुजरी और फिर मानिक चौक की ओर रवाना हुई, जहां इसका समापन हुआ। शोभायात्रा में शामिल विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सजीव प्रस्तुतियों और मनमोहक सजावट को देखने के लिए लोग काफी देर तक खड़े रहे। देर रात तक चले कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
मेले में खानपान और खरीदारी का भी लोगों ने खूब आनंद लिया। दुकानों पर गुड़ही जलेबी, चाऊमीन, मोमोज, चाट और पानी पूरी सहित विभिन्न व्यंजनों की बिक्री होती रही। बच्चों ने गुब्बारे और तरह-तरह के खिलौने खरीदे। मेले में स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से आए दर्शकों की भी अच्छी-खासी भीड़ रही। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उल्लास और उत्सव का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के संयोजक मनीष श्रीवास्तव (बच्चा) और मनीष श्रीवास्तव (रिंकू) ने मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। ऐतिहासिक भरत मिलाप समारोह में मनीष श्रीवास्तव पत्रकार, राजेश यादव, गौतम गुप्ता, शिवा श्रीवास्तव, गौरव श्रीवास्तव, श्रवण मौर्य, अनूप यादव, एकांश, सचिन मिश्रा, अनय श्रीवास्तव, प्रखर श्रीवास्तव, पीयूष मिश्रा, कान्हा श्रीवास्तव, हर्ष श्रीवास्तव, आयुष मौर्या, अंगू मौर्या, सुमित मौर्य, प्रभात यादव एवं अविनाश श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।