Jaunpur news लाउडस्पीकर बंद कराने को लेकर विवाद के बाद नवज्योति संस्था के प्रबंधक की मौत, बाजार में मचा हड़कंप

IMG-20261020-WA0002
Share


जौनपुर लाउडस्पीकर बंद कराने को लेकर विवाद के बाद नवज्योति संस्था के प्रबंधक की मौत, बाजार में मचा हड़कंप
जमालापुर में दुर्गा पूजा मेले के दौरान हुई घटना, हार्ट अटैक से मौत की आशंका; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के जमालापुर बाजार में महानवमी के अवसर पर आयोजित दुर्गा पूजा मेले के दौरान देर रात विवाद का मामला सामने आया। इस घटना के कुछ ही देर बाद नवज्योति संस्था के प्रबंधक रवि सिंह उर्फ टोनी (35) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। घटना को लाउडस्पीकर बंद कराने को लेकर हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जमालापुर पट्टी निवासी रवि सिंह उर्फ टोनी, संजय सिंह के पुत्र थे और नवज्योति संस्था के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालते थे। हर वर्ष की तरह इस बार भी बाजारवासियों के सहयोग से डाकघर के पास मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही थी। महानवमी के दिन यहां विशाल मेले के साथ लाउडस्पीकर प्रतियोगिता, झांकियों और चौकियों का प्रदर्शन आयोजित किया गया था।
जमालापुर बाजार में नवज्योति संस्था और नवयुवक संस्था की ओर से अलग-अलग दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। दोनों पक्षों के लाउडस्पीकर बजने के कारण मेले के दौरान काफी भीड़ जुटती है। आयोजन को देखते हुए महानवमी की रात सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे पुलिस ने रवि सिंह से देर रात होने के कारण लाउडस्पीकर बंद कराने को कहा। इसके बाद उन्होंने अपनी संस्था का लाउडस्पीकर बंद करा दिया और दूसरी ओर भी आवाज बंद कराने की बात कही। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने की जानकारी सामने आई, जो कथित तौर पर हाथापाई तक पहुंच गई।
घटना के बाद रवि सिंह अपनी संस्था के परिसर में पहुंचे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। उनकी अचानक मौत की खबर से बाजार में शोक और हलचल का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुबह करीब चार बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फिलहाल, रवि सिंह की मौत से परिजनों और परिचितों में शोक है। लाउडस्पीकर बंद कराने को लेकर हुए विवाद और मौत के बीच संबंध की वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।