IMG-20261019-WA0017
Share

मानसून की विदाई देख आलू की बुआई में जुटे किसान
मछलीशहर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में इस समय किसान आलू की बुआई में जुट गये हैं। आसमान में बादलों के न होने के चलते किसान मानसून की विदाई पूरी मान कर चल रहे हैं और निश्चित होकर आलू की बुआई कर रहे हैं। मछलीशहर और मुंगराबादशाहपुर कस्बों के साथ साथ बंधवा बाजार, मीरगंज, सुजानगंज, पवांरा, जंघई,गरियांव, बरईपार,सरायबीका,तिलौरा,गोधना,जमुहर बाजारों में व्यापारियों ने बुआई के लिए आलू के बोरों की ऊंची-ऊंची छल्लियां लगा दी हैं।शाम को बड़ी संख्या में किसान खरीदारी के लिए आ रहें हैं। कुछ किसान आलू की अगेती किस्मों की बुआई कर रहे हैं जिससे आलू खोदकर उसी खेत में गेहूं बो दिया जाये।
वैसे किसानों को उन्नतशील बीजों को बोने के लिए एक हजार प्रति क्विंटल की दर से किसानों को अनुदान की भी व्यवस्था है जिसके लिए जनपद में विभिन्न प्रजातियों और श्रेणियों के लिए 450 क्विंटल का आवंटन शासन द्वारा किया गया है। इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। प्रति किसान दो हेक्टेयर क्षेत्रफल के लिए बीज उपलब्ध कराया जाएगा। किसान के लिए कम से कम दो प्रजातियों का चयन करना अनिवार्य होगा। अनुदान की राशि किसानों के खाते में डी बी टी से हस्तांतरित की जायेगी।