Jaunpur news राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि सर्राफ ने रामलीला में लिया श्रीराम का आशीर्वाद, समिति को दिए 11 हजार रुपये
राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि सर्राफ ने रामलीला में लिया श्रीराम का आशीर्वाद, समिति को दिए 11 हजार रुपये
शाहगंज की ऐतिहासिक रामलीला में हुए शामिल, श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का दिया संदेश
शाहगंज, जौनपुर।
शाहगंज की ऐतिहासिक रामलीला में रविवार, 18 अक्टूबर को स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि सर्राफ काशी से पहुंचकर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रीराम का आशीर्वाद लिया और रामलीला समिति को मंचन के लिए 11 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
रामलीला समिति के मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए रवि सर्राफ ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, सत्य, मर्यादा और आदर्शों का प्रतीक है। आज के युवाओं को उनके आदर्शों और आचरण को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उनके संबोधन से रामलीला परिसर में उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
इसके बाद उन्होंने विधि-विधान से भगवान श्रीराम की आरती की। खास बात यह रही कि राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के बावजूद उन्होंने जमीन पर बैठकर आम लोगों के बीच रामलीला मंचन का आनंद लिया। उनकी इस सादगी की लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने श्रीरामलीला समिति, शाहगंज को रामलीला मंचन में सहयोग के लिए 11 हजार रुपये की राशि भेंट की।
इसके पश्चात रवि सर्राफ स्वर्णकार समाज, शाहगंज के अध्यक्ष एडवोकेट सचिन कुमार वर्मा के आवास पर पहुंचे। वहां रात्रि भोजन के बाद वह काशी के लिए रवाना हो गए।
इस अवसर पर श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, महामंत्री महेंद्र प्रताप वर्मा, कमलेश अग्रहरि, चेतन प्रकाश सोनी, जन्मेजय सोनी, रितेश आर्य, सुजीत सोनी, गया प्रसाद आर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
