Jaunpur news विधान परिषद निर्वाचन-2026 सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों को दिया गया प्रशिक्षण, मतपेटिका संचालन का कराया गया अभ्यास
विधान परिषद निर्वाचन-2026: सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों को दिया गया प्रशिक्षण, मतपेटिका संचालन का कराया गया अभ्यास
जौनपुर। विधान परिषद निर्वाचन-2026 के तहत खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट तथा माइक्रो ऑब्जर्वरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम अपराह्न 3:30 बजे तक चला। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जिम्मेदारियों, आवश्यक सावधानियों और मतदान के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण कृष्ण करुणाकर पांडेय ने अधिकारियों को उनके दायित्वों और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने उपस्थित अधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए।
प्रशिक्षण के दौरान सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक अभ्यास पर भी विशेष जोर दिया गया। मास्टर ट्रेनरों ने अधिकारियों को मतपेटिका खोलने और बंद करने, पेपर सील लगाने सहित निर्वाचन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन करके समझाया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने स्वयं अभ्यास कर तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों, जोनल मजिस्ट्रेटों और माइक्रो ऑब्जर्वरों को निर्वाचन के दौरान पूरी सतर्कता बरतने, निर्धारित नियमों का पालन करने तथा अपने दायित्वों का निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ठ, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
