Jaunpur news कुएं में गिरी 58 वर्षीय महिला, फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर बचाई जान
जौनपुर में कुएं में गिरी 58 वर्षीय महिला, फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर बचाई जान
तत्परता और कड़ी मशक्कत से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, स्थानीय लोगों ने अग्निशमन कर्मियों की सराहना की
जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के तूतीपुर मोहल्ले में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 58 वर्षीय महिला कुएं में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, पंजाबी कॉलोनी के निकट तूतीपुर चौराहे के पास सुमन सेठी (58) अचानक कुएं में गिर गईं। इसकी सूचना मिलने पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के पर्यवेक्षण में अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र प्रसाद द्विवेदी के नेतृत्व में फायर रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों ने कुएं में उतरकर सावधानीपूर्वक महिला को बाहर निकाला। राहत की बात रही कि महिला को जीवित और सुरक्षित अवस्था में बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उन्हें मौके पर मौजूद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
घटनास्थल पर पुलिस बल भी मौजूद रहा। फायर ब्रिगेड के जवानों की तत्परता और साहसिक प्रयास से महिला की जान बचने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने समय पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने वाले अग्निशमन अधिकारियों और कर्मचारियों की जमकर सराहना की।
