Jaunpur news महिषासुर मर्दन व रावण वध की झांकी देख भावविभोर हुए अभिभावक
महिषासुर मर्दन व रावण वध की झांकी देख भावविभोर हुए अभिभावक
प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में आयोजित हुआ देवी पूजन का कार्यक्रम
जौनपुर
प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर पर शनिवार को छात्रों द्वारा प्रस्तुत महिषासुर मर्दन व रावण वध की आकर्षक झांकी देख अभिभावक भावविभोर हो गए।प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष व प्रधानाध्यापक अमित सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उनके साथ विद्यालय के सहयोगी शिक्षकों व अभिभावकों ने मां शेरावाली के विभिन्न रूपों का विधिवत पूजन-अर्चन किया।
सरस्वती वंदना के बाद विद्यालय की छात्राएं मां शेरावाली के नौ रूपों को धारण कर एक-एक कर मंच पर पहुंचीं, तो जय माता दी के जयकारों से विद्यालय परिसर गुंजायमान हो गया। थोड़ी ही देर में एक तरफ से महिषासुर का रूप धारण कर हाथ में तलवार लेकर छात्र पहुंचा, तो दूसरी तरफ से शेर के रूप में तैयार छात्र दहाड़ते हुए मंच पर पहुंचा। यह दृश्य देखकर लोग रोमांचित हो गए। मां के नौ रूपों द्वारा महिषासुर मर्दन करने पर अभिभावकों व छात्र-छात्राओं ने जमकर जयकारे लगाए।
थोड़ी देर बाद मंच पर एक तरफ से भगवान श्रीराम अपने भाई लक्ष्मण के साथ तो दूसरी तरफ से रावण पहुंचा। दोनों में युद्ध के बाद रावण वध का दृश्य देख लोग भावविह्वल हो गए। जय श्रीराम के नारों के साथ लोगों ने पुष्प वर्षा की। इसके साथ ही छात्रों ने अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में कविता सिंह, अर्चना सिंह, संयुक्ता सिंह, गजाला बानो, मंजू जैसवार, नेहा जायसवाल, आराधना उपाध्याय, माधुरी सिंह, श्यामधर यादव, गजल बानो, मनोज कुमार, एसएमसी अध्यक्ष विवेक मिश्रा सहित एसएमसी सदस्यगण एवं भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
