Jaunpur news जनपद की बेटियों रुचि और रिया ने जीते स्वर्ण पदक
जनपद की बेटियों रुचि और रिया ने जीते स्वर्ण पदक
शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाई जगह
जौनपुर। सहजनवा, गोरखपुर में आयोजित 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में जौनपुर की दो बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वाराणसी मंडल की बालिका टीम में चयनित टीडी इंटर कालेज जौनपुर की रुचि प्रजापति ने बालिका वर्ग के अंडर-19 आयु वर्ग के अंडर-49 किग्रा भार वर्ग में तथा महाराणा प्रताप इंटर कालेज रामदयालगंज जौनपुर की रिया यादव ने बालिका वर्ग के अंडर-17 आयु वर्ग के अंडर-55 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक अर्जित किया। दोनों खिलाड़ी एएसओ क्लब ताइक्वांडो (महाराणा प्रताप इंडोर हाल) में मुख्य कोच आशुतोष सिंह एडवोकेट के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। दोनों खिलाड़ियों का चयन जिला, मंडल और प्रदेशीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक प्राप्त करने के आधार पर स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय) के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मुख्य कोच आशुतोष सिंह ने बताया कि 3 से 7 अक्टूबर तक चलने वाली अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 की प्रदेशीय प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों का चयन वाराणसी मंडल की टीम से हुआ था। दोनों ने अपने-अपने आयु एवं भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पूर्व भी ताइक्वांडो फेडरेशन की ऑफिशियल प्रदेशीय प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीता था। इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन उत्तर प्रदेश टीम में सुनिश्चित हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्लब के वरिष्ठ खिलाड़ी अनीश प्रसाद, सरोजनी सिंह, राजवीर सिंह, विक्रान्त साहनी सहित अन्य लोगों ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी स्कूल फेडरेशन की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल कर जौनपुर का नाम रोशन करेंगी।
