Jaunpur news सराफा कारोबारी के 32.51 लाख के आभूषण वापस न करने पर तीन भाइयों पर केस
सराफा कारोबारी के 32.51 लाख के आभूषण वापस न करने पर तीन भाइयों पर केस
सराफा कारोबारी के 32.51 लाख के आभूषण वापस न करने पर तीन भाइयों पर केस
बिल और शपथपत्र देने के बाद भी रकम नहीं चुकाने का आरोप, कारोबारी ने पुलिस को सौंपे CCTV फुटेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग
जौनपुर। ग्राहक को आभूषण दिखाने के बहाने सराफा प्रतिष्ठानों से लाखों रुपये के गहने ले जाने और बाद में उनका भुगतान नहीं करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने तीन भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कसेरी बाजार निवासी विष्णु वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने गणेश सेठ, निखिलेश सेठ और मनोज सेठ के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 23 जुलाई को मनोज सेठ समृद्धि ज्वेलर्स से ग्राहक को दिखाने के लिए आभूषण लेकर गया था। इसके दो दिन बाद 25 जुलाई को एक अन्य सराफा प्रतिष्ठान घनश्याम दास अनिल कुमार ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड से भी आभूषण लिए जाने का आरोप है। दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए गहनों की कुल कीमत 32 लाख 51 हजार 176 रुपये बताई गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आभूषण वापस करने अथवा उनकी कीमत का भुगतान करने के बजाय 31 जुलाई को संबंधित गहनों के बिल तैयार किए गए। इसके साथ ही एक शपथपत्र भी दिया गया, जिसमें सितंबर से प्रत्येक माह 10 ग्राम सोना देने और उसके बदले 1.50 लाख रुपये मासिक भुगतान करने की बात कही गई थी।
आरोप है कि निर्धारित समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। 16 सितंबर को फोन पर हुई बातचीत के दौरान भी रुपये देने में असमर्थता जताए जाने का आरोप शिकायतकर्ता ने लगाया है।
मामले को लेकर कारोबारी ने आभूषण ले जाते समय का सीसीटीवी फुटेज और फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। पुलिस ने तहरीर, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
